पत्नी की हत्या कर सिर फ्रिज में छिपाया, उंगलियां भी काटीं : शव काटकर कुत्तों को खिलाने का था प्लान; 6 महीने पहले हुई थी शादी
गुवाहाटी.
असम के गुवाहाटी में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हाटीगांव इलाके में किराए के फ्लैट में रहने वाली 25 वर्षीय रिया तालुकदार की उसके पति ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया और दोनों हाथों की उंगलियां भी काट दीं।
मामले का खुलासा रविवार को उस समय हुआ, जब फ्लैट से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे में महिला का धड़ मिला, जबकि तलाशी के दौरान फ्रिज से उसका सिर बरामद हुआ। शव सड़ना शुरू हो चुका था।

बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
पड़ोसियों को फ्लैट से लगातार तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट खोला तो अंदर का दृश्य देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच के दौरान रिया का शव मिला। उसके दोनों हाथों की उंगलियां भी आधी कटी हुई थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के बाद घर में खाना बनाया, फिर फरार हुआ
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी रामानुजन गोस्वामी उसी फ्लैट में रहा। उसने कथित तौर पर कमरे में खाना बनाया और खाया भी। पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी ने शव के टुकड़े कर उन्हें कुत्तों को खिलाने की योजना बनाई थी। हालांकि खाना खाने के बाद वह फ्लैट से फरार हो गया।
हत्या के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसे सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। अब उससे हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।

6 महीने पहले हुई थी शादी
रिया और रामानुजन की शादी करीब 6 महीने पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में किराए के फ्लैट में रह रहे थे। रिया फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में स्थित एक बुटीक में काम करती थी। परिवार में उसका एक भाई है। वहीं आरोपी रामानुजन कैब चलाता था।
धुबरी का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक रामानुजन का पैतृक घर असम के धुबरी जिले के गौरीपुर में है। उसके माता-पिता वहीं रहते हैं। आरोपी के खिलाफ धुबरी थाने में एटीएम चोरी से जुड़ा एक मामला दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों फोन की जांच की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल डेटा और घटना से जुड़े अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन