केआर मोहापात्रा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें चीफ जस्टिस : राज्यपाल रमेन डेका ने दिलाई शपथ; CM साय समेत कई नेता रहे मौजूद
News Affair Team
Mon, Sep 7, 2026
रायपुर.
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को सोमवार को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया। जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण से पहले जस्टिस मोहापात्रा ओडिशा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। राज्यपाल ने उन्हें राष्ट्रपति की ओर से जारी मूल वारंट की प्रति भी सौंपी और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति के वारंट का हुआ वाचन
शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव विकास शील ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति वारंट का वाचन किया। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका ने जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहे। पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी और अनुज शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी समारोह में हिस्सा लिया।

पत्नी समेत हाईकोर्ट के न्यायाधीश रहे मौजूद
शपथ समारोह में नए मुख्य न्यायाधीश की पत्नी अनिता मोहापात्रा भी मौजूद थीं। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ बड़ी संख्या में अधिवक्ता और न्यायिक अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
राज्य सरकार की ओर से अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना और महाधिवक्ता विवेक शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बिलासपुर हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित हाईकोर्ट के अन्य अधिकारी और अधिवक्तागण भी समारोह में शामिल हुए।

कौन हैं जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा?
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा इससे पहले ओडिशा हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की अनुशंसा की थी। इसके बाद केंद्र सरकार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी नियुक्ति हुई। अब वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायिक प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे और हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
इससे संबंधित यह खबर भी पढ़ें... छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेंगे नए चीफ जस्टिस
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन