छत्तीसगढ़ में 10 हजार नौकरियों का मौका : रायपुर में 7-8 अक्टूबर को रोजगार मेला; 10वीं पास से MBA-MCA तक कर सकेंगे आवेदन
News Affair Team
Fri, Oct 2, 2026
रायपुर.
नौकरी की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अक्टूबर में रोजगार का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। राज्य सरकार 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित करेगी। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने 9,449 रिक्त पदों की जानकारी दी है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है, इसलिए पदों की संख्या बढ़ सकती है।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से यह मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में लगाया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की स्थानीय और राष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी। विभाग का उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
10वीं-12वीं पास से इंजीनियरिंग और MBA वालों तक अवसर
रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थियों के लिए पद उपलब्ध कराए गए हैं। 10वीं-12वीं पास, ITI, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग के साथ कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक तथा MBA-MCA सहित स्नातकोत्तर योग्यता वाले युवा भी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर के पद शामिल हैं।
सेल्स, बैंकिंग से लेकर डिलीवरी तक की नौकरियां
गैर-तकनीकी क्षेत्र में कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर जैसे पदों पर भी अवसर मिलेंगे। बैंकिंग, फाइनेंस और HR से जुड़े पदों के लिए भी रिक्तियां उपलब्ध हैं।
इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पदों को भी रोजगार मेले में शामिल किया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले संबंधित पद की योग्यता और पात्रता की जांच करनी होगी।
इन कंपनियों में मिल सकते हैं अवसर
रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक ने रिक्तियों की जानकारी दी है।
इनके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, NIIT, आईसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट जैसी कंपनियां एवं संस्थाएं भी इसमें शामिल हैं।
घर बैठे पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक युवा विभाग के आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल www.erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पोर्टल पर कंपनियों की रिक्तियों और पदों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार पद चुनकर आवेदन कर सकते हैं।
पोर्टल के माध्यम से कंपनियां भी उम्मीदवारों की प्रोफाइल और आवेदन देख सकेंगी। इससे जरूरत के मुताबिक अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने और प्रारंभिक चयन प्रक्रिया में मदद मिलेगी।
दूसरे दिन CM देंगे चयनित युवाओं को ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन, 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मुताबिक, राज्य सरकार युवाओं को स्वावलंबी बनाने और उनके कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के जरिए अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में अवसर दिलाने की कोशिश की जा रही है।
पिछले दो वित्त वर्षों में 9,463 अभ्यर्थी चयनित
रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग व बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए थे।
वित्त वर्ष 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, बलौदाबाजार व दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 4,149 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इस तरह दोनों वित्त वर्षों में कुल 9,463 अभ्यर्थी चयनित हुए।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में सितंबर तक 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें 8,878 अभ्यर्थियों के चयन की जानकारी दी गई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन