Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

29th November 2026

ब्रेकिंग

रिसर्चर ने दी 14 दिन का राशन-पानी रखने की सलाह; 2030 तक इंसानों के अस्तित्व पर 50% खतरा

फिल्में छोड़ खेती करने का बनाया था मन; 'आर्टिकल 370' ने दिलाया नेशनल अवॉर्ड

Meta भारत में ला रहा नया एप; Apple TV से लेकर Google TV तक मिलेगा सपोर्ट

14 दिन पहले तक तय कर सकेंगे भेजने का समय, फोन बंद होने पर भी पहुंचेगा मैसेज

श्रीकृष्ण ने बताया धर्म का असली अर्थ; गीता के इन 5 श्लोकों में छिपा है जीवन का सबसे बड़ा संदेश

शराब घोटाले का ‘मनीमैन’ सुब्बू UAE से भारत लाया गया : रायपुर कोर्ट ने 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर सौंपा; कमीशन के लेन-देन का हिसाब खंगालेगी एजेंसी

News Affair Team

Sat, Nov 28, 2026

रायपुर.

छत्तीसगढ़ के 1,280 करोड़ रुपए से ज्यादा के कथित शराब घोटाले में लंबे समय से फरार चल रहे विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को UAE से भारत लाया गया है। शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे उसे रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने उसे 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर सौंप दिया।

ACB कोर्ट में जज की अनुपस्थिति के कारण आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। रात करीब 12:33 बजे EOW के अधिकारी उसे कोर्ट से अपने कार्यालय ले गए। सोमवार को उसे फिर अदालत में पेश किया जाएगा। अब जांच एजेंसी उससे शराब सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन, कमीशन की रकम और कथित तौर पर अधिकारियों तक पहुंचाए गए पैसे के संबंध में पूछताछ करेगी।

इंटरपोल के रेड नोटिस पर UAE में पकड़ा गया

विकास अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके बाद UAE की एजेंसियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। CBI ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय कर उसे भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कराई।

CBI के आधिकारिक बयान में इसे UAE से डिपोर्ट कर भारत लाने की कार्रवाई बताया गया है। छत्तीसगढ़ EOW की टीम उसे लेने UAE गई थी। टीम में EOW चीफ IG अमरेश मिश्रा के साथ DSP रोशन आहूजा और DSP राहुल शर्मा शामिल थे।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास UAE में बोस्टन नाम की कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। वह नवंबर 2024 में चार्जशीट दाखिल होने के बाद भी जांच से दूर विदेश में रह रहा था।

बचाव पक्ष ने प्रत्यर्पण संधि का दिया हवाला

कोर्ट में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने दलील दी कि भारत और UAE के बीच प्रत्यर्पण संधि और प्रत्यर्पण अधिनियम के प्रावधानों का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपी पर उन्हीं अपराधों के तहत कार्रवाई और ट्रायल किया जा सकता है, जिनके आधार पर उसे भारत लाया गया है। प्रत्यर्पण के आधार से अलग कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

बचाव पक्ष ने आरोपी को भारत लाने की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज भी मांगे। साथ ही पूछताछ के दौरान उसके मानवाधिकारों का ध्यान रखने और एजेंसी के अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पूछताछ की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने EOW की रिमांड अर्जी मंजूर कर दी।

सिंडिकेट में फंड मैनेजर की भूमिका का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी मनीमैन की भूमिका निभाता था। उसे कारोबारी अनवर ढेबर का करीबी और राइट हैंड भी बताया गया है।

एजेंसी का आरोप है कि उसका काम शराब कारोबार से जुड़े लोगों और अधिकारियों के बीच कमीशन की रकम के लेन-देन का प्रबंधन करना था। CBI के मुताबिक, वह डिस्टिलरी से कमीशन जुटाने और उसे अधिकारियों तथा अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद करता था। कथित तौर पर इस रकम को अलग-अलग कंपनियों और वित्तीय माध्यमों से छिपाने का काम भी किया गया।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों से राज्य के खजाने को 1,280 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ।

2022 में जारी हुआ था गैर-जमानती वारंट

जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास अग्रवाल के खिलाफ 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी कराने की कार्रवाई की गई थी। नवंबर 2024 में मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। इसके बावजूद वह भारत में जांच और अदालत की कार्रवाई से दूर UAE में रह रहा था।

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसके बाद UAE में उसकी लोकेशन मिलने पर वहां की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारतीय एजेंसियों को सौंपा गया।

शराब घोटाले से जुड़े मैनपावर मामले में ED की 5 शहरों में रेड

विकास अग्रवाल को रायपुर कोर्ट में पेश किए जाने से पहले शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शराब घोटाले से जुड़े मैनपावर और ओवरटाइम मामले में छत्तीसगढ़ के पांच शहरों में छापेमारी की थी। रायपुर, धमतरी, भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर में अधिकारियों और शराब कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकानों पर जांच की गई।

रायपुर के जोरा में सहायक वित्त अधिकारी राजेंद्र सिंह के मकान पर ED की टीम सुबह करीब 11 बजे पहुंची थी। यहां देर शाम तक दस्तावेजों की जांच की गई। राजेंद्र सिंह फिलहाल जेल विभाग में पदस्थ हैं।

वहीं धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी बंगले पर भी टीम पहुंची। उस समय वहां उनके पति और निलंबित आबकारी अधिकारी नवीन प्रताप सिंह तोमर मौजूद थे। ED ने दस्तावेजों की जांच के साथ डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए।

1,280 करोड़ से 3,200 करोड़ तक कैसे पहुंचा घोटाले का आंकड़ा?

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच ED और ACB-EOW कर रही हैं। जांच के अलग-अलग चरणों में घोटाले की रकम के अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। शुरुआती जांच में 2,161 करोड़ रुपए और बाद के चरणों में 2,883 करोड़ रुपए का आंकड़ा बताया गया। मीडिया रिपोर्ट्स में कुल कथित घोटाले का दायरा करीब 3,200 करोड़ रुपए तक बताया गया है।

वहीं, 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों से 1,280 करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान का आरोप है। विकास अग्रवाल इसी कथित वित्तीय नेटवर्क में मनीमैन की भूमिका में जांच के दायरे में है। ED की ओर से अब तक करीब 1,000 करोड़ रुपए की संपत्तियां कुर्क या जब्त किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

विदेश से लाया गया दूसरा बड़ा आरोपी

छत्तीसगढ़ से जुड़े आर्थिक अपराधों में विदेश से आरोपी को भारत लाने की यह एक और अहम कार्रवाई है। इससे पहले महादेव सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर को लेकर भी प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चर्चा में रही है। अब शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल को UAE से भारत लाया गया है।

इस मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व IAS अनिल टुटेजा, कारोबारी अनवर ढेबर, एपी त्रिपाठी, सौम्या चौरसिया और चैतन्य बघेल समेत कई लोगों के नाम जांच में सामने आ चुके हैं। मामले के अलग-अलग आरोपियों को अदालतों से जमानत भी मिली है। रामगोपाल अग्रवाल को इस मामले में जमानत मिलने के बावजूद अन्य लंबित मामलों के चलते जेल में रहने की जानकारी दी गई है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन