मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल को कहा अलविदा : पिता के निधन के बाद लिया फैसला; बोले- अब देने के लिए कुछ नहीं बचा
स्पोर्ट्स डेस्क.
स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 39 वर्षीय मेसी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर हाथ से लिखे एक नोट की तस्वीर साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड कप फाइनल के दो दिन बाद 21 जुलाई को ही उन्होंने संन्यास लेने का फैसला लिख दिया था।
मेसी का अर्जेंटीना के लिए आखिरी मुकाबला वर्ल्ड कप फाइनल रहा, जिसमें टीम को स्पेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद मेसी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को विराम देने का फैसला किया।

पिता की मौत के बाद लिया फैसला
मेसी ने बताया कि उनके पिता जॉर्ज मेसी के निधन के बाद उन्हें लगा कि अर्जेंटीना की जर्सी में सफर खत्म करने का यही सही वक्त है। जॉर्ज मेसी का 8 अगस्त को सेंट्रल अर्जेंटीना के रोसारियो शहर के एक अस्पताल में निधन हुआ था। वे 68 साल के थे।
मेसी ने अपने संदेश में लिखा कि संन्यास का फैसला लेना उनके लिए बेहद मुश्किल था और इसका दर्द अब भी उनके भीतर है। उन्होंने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, केवल उन वर्षों में नहीं जब टीम ने बड़ी ट्रॉफियां जीतीं, बल्कि उससे पहले भी।
उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना की जर्सी के लिए उन्होंने मैदान पर अपना सब कुछ झोंका, ताकि प्रशंसकों को खुशी मिल सके और उन्हें अपने अर्जेंटीनियन होने पर गर्व महसूस हो।

बोले- अब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं बचा
मेसी ने कहा कि समय कम बचा है और हर अध्याय को एक दिन खत्म होना ही है। अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनना उनके लिए हमेशा खास रहा और आगे भी रहेगा।
उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपने पास मौजूद सब कुछ टीम को दे दिया है। अब उनके पास देने के लिए कुछ नहीं बचा। साथ ही उन्होंने अर्जेंटीना के युवा खिलाड़ियों के उभरने का जिक्र करते हुए कहा कि कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी टीम में जगह पाने के हकदार हैं।
पिता के निधन के बाद जताया था संदेह
पिता के निधन के बाद भी मेसी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए संकेत दिया था कि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर अब लंबा नहीं चल पाएगा। उन्होंने कहा था कि उन्हें खुद इस बात को लेकर काफी संदेह था कि वे कितने समय तक अर्जेंटीना के लिए खेल पाएंगे।
वर्ल्ड कप फाइनल में अपने प्रदर्शन को लेकर मेसी ने स्वीकार किया कि उनके पैर उनका साथ नहीं दे रहे थे। उन्होंने शारीरिक सीमाओं से आगे जाकर खेलने की कोशिश की, लेकिन इस बार ऐसा कर पाना संभव नहीं हुआ।

फैंस और साथियों को कहा धन्यवाद
मेसी ने अर्जेंटीना के प्रशंसकों को करीब दो दशक तक मिले प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैदान से फैंस की आवाज सुनना उन्हें हमेशा याद आएगा। अब वे टीम को बाहर से सपोर्ट करेंगे और अच्छे-बुरे हर दौर में अर्जेंटीना के साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने अपने परिवार, कोच, साथी खिलाड़ियों और टीम से जुड़े अधिकारियों का भी आभार जताया। मेसी ने कहा कि यह सफर बेहद खूबसूरत होने के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण भी रहा। वे अपने साथ ऐसी यादें लेकर जा रहे हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
2022 में अर्जेंटीना को बनाया था वर्ल्ड चैंपियन
मेसी अर्जेंटीना के सबसे ज्यादा गोल करने और सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2005 में राष्ट्रीय टीम के लिए डेब्यू किया था और छह वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व किया।
2022 में कतर में हुए FIFA वर्ल्ड कप में मेसी ने अर्जेंटीना को चैंपियन बनाया। इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने 36 साल बाद वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की। इससे पहले 2021 कोपा अमेरिका जीतकर मेसी ने अर्जेंटीना के 28 साल के बड़े ट्रॉफी सूखे को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई थी।
अर्जेंटीना के लिए मेसी का रिकॉर्ड
डेब्यू: 2005
मैच: 207
गोल: 125
असिस्ट: 68
मेसी की प्रमुख उपलब्धियां
2005: U-20 वर्ल्ड कप चैंपियन
2008: बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल
2021: कोपा अमेरिका चैंपियन
2022: FIFA वर्ल्ड कप चैंपियन
2022: फाइनलिसिमा चैंपियन
2024: कोपा अमेरिका चैंपियन
अपने विदाई संदेश के अंत में मेसी ने अर्जेंटीना के प्रशंसकों के प्रति भावुक अंदाज में आभार जताया। उन्होंने कहा कि अपने साथियों के साथ मिलकर उन पलों को जीना शानदार रहा, जिनका कभी सिर्फ सपना देखा था। उन्होंने लिखा-
अर्जेंटीनियन बनाने के लिए भगवान का धन्यवाद ! “लेट्स गो, अर्जेंटीना!”
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन