माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की कमान अब आशा शर्मा के हाथ : ‘AI Slop’ नहीं, इंसानी रचनात्मकता से बदलेगा Xbox का भविष्य; सत्या नडेला को करेंगी रिपोर्ट
बिजनेस डेस्क.
माइक्रोसॉफ्ट के गेमिंग डिवीजन में बड़ा बदलाव हो गया है। भारतीय मूल की आशा शर्मा को माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग का नया CEO नियुक्त किया गया है। वे लंबे समय से इस पद पर रहे Phil Spencer की जगह लेंगी।
स्पेंसर लगभग 40 साल तक कंपनी के साथ जुड़े रहे और अब रिटायर हो रहे हैं। हालांकि वे इस साल गर्मियों तक सलाहकार की भूमिका में बने रहेंगे।
आशा सीधे माइक्रोसॉफ्ट के CEO Satya Nadella को रिपोर्ट करेंगी। यानी गेमिंग अब कंपनी की कोर स्ट्रैटेजी में और ऊपर उठ गया है।

कौन हैं आशा शर्मा?
आशा शर्मा का करियर टेक इंडस्ट्री के बड़े नामों से भरा है। माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की कमान संभालने से पहले वे कंपनी के AI प्लेटफॉर्म और प्रोडक्ट लीडरशिप टीम का हिस्सा थीं।
इससे पहले वे डिलीवरी प्लेटफॉर्म Instacart में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर रह चुकी हैं। वहीं Meta में उन्होंने प्रोडक्ट लीडरशिप की जिम्मेदारी संभाली थी।
उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा के कार्लसन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस की पढ़ाई की है।
इंडस्ट्री में उन्हें ऐसे लीडर के तौर पर जाना जाता है जो मुश्किल दौर में टीम को संभाल सकती हैं और बिजनेस को स्केल कर सकती हैं।
पहला मेमो: ‘विनम्रता और तेजी’
नियुक्ति के बाद आशा ने कर्मचारियों को अपना पहला आधिकारिक मेमो भेजा।
उन्होंने लिखा— “आज मैं माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग के CEO के तौर पर अपनी नई जिम्मेदारी शुरू कर रही हूं। मैं इस वक्त दो चीजें एक साथ महसूस कर रही हूं—विनम्रता और तेजी।”
विनम्रता इसलिए क्योंकि इस टीम ने दशकों में मजबूत ब्रांड खड़ा किया।
तेजी इसलिए क्योंकि गेमिंग की दुनिया तेजी से बदल रही है।
उनका पहला लक्ष्य साफ है—पहले समझना कि सिस्टम कैसे काम करता है, फिर उसे और मजबूत बनाना।
तीन बड़े वादे
1. बेहतरीन गेम्स पहले
आशा का पहला वादा है—सबसे पहले शानदार गेम्स। उन्होंने कहा कि यादगार किरदार, दिल को छू लेने वाली कहानियां और खेलने के नए तरीके—यही असली पहचान हैं।
स्टूडियो को और ताकत दी जाएगी, बड़े ब्रांड्स में निवेश होगा और नए आइडियाज को सपोर्ट मिलेगा। उन्होंने Matt Booty को प्रमोट कर चीफ कंटेंट ऑफिसर बनाया है। मैट अब गेम स्टूडियो और नए टाइटल्स की जिम्मेदारी संभालेंगे।
2. Xbox की वापसी
आशा ने साफ कहा—Xbox को उसके पुराने फैंस के लिए फिर से मजबूत किया जाएगा। Xbox सिर्फ एक कंसोल नहीं, बल्कि एक इकोसिस्टम है।
PC, मोबाइल और क्लाउड गेमिंग की ओर बढ़ते हुए कंपनी बाधाएं कम करेगी, ताकि डेवलपर्स एक बार गेम बनाकर हर प्लेटफॉर्म पर लॉन्च कर सकें।
यह इशारा क्लाउड और सब्सक्रिप्शन मॉडल की ओर है।
3. गेमिंग का भविष्य और AI
आशा ने अपने मेमो में एक दिलचस्प शब्द इस्तेमाल किया—“AI Slop”। उन्होंने कहा कि कंपनी अल्पकालिक फायदे के लिए बिना रचनात्मकता वाला AI कंटेंट नहीं बनाएगी।
गेम्स एक आर्ट हैं—इन्हें इंसान बनाते हैं, टेक्नोलॉजी उन्हें बेहतर करती है। AI का इस्तेमाल होगा, लेकिन ‘बिना आत्मा’ वाला कंटेंट नहीं भरा जाएगा।

फिल स्पेंसर का दौर
Phil Spencer के कार्यकाल में माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग ने बड़ा विस्तार देखा। सबसे बड़ी डील रही Activision Blizzard का 69 बिलियन डॉलर का अधिग्रहण।
इस डील के बाद कंपनी के पास ‘Call of Duty’ जैसे बड़े टाइटल्स आए। स्पेंसर के जाने के बाद चुनौती होगी—इस अधिग्रहण को पूरी तरह इंटीग्रेट करना।
लीडरशिप में और बदलाव
सिर्फ CEO नहीं बदला। सारा बॉन्ड ने कंपनी छोड़ने का फैसला किया है। मैट बूटी को नई जिम्मेदारी मिली है।
इन बदलावों से संकेत है कि माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग अब AI, क्लाउड और सब्सक्रिप्शन आधारित मॉडल पर बड़ा दांव लगाने जा रही है।
तीन बड़ी चुनौतियां
1. घटता मुनाफा
हार्डवेयर महंगा हो रहा है, लेकिन मुनाफा कम हो रहा है।
2. कड़ी टक्कर
सोनी का PlayStation एक्सक्लूसिव गेम्स के दम पर मजबूत है।
3. Activision का इंटीग्रेशन
69 बिलियन डॉलर की डील के बाद ऑपरेशनल बदलाव आसान नहीं होंगे।
सत्या नडेला की रणनीति
Satya Nadella के नेतृत्व में माइक्रोसॉफ्ट AI और क्लाउड पर बड़ा दांव खेल रहा है।
अब आशा शर्मा की नियुक्ति यह संकेत देती है कि गेमिंग को भी AI और क्लाउड इकोसिस्टम से गहराई से जोड़ा जाएगा।
गेमिंग सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि सब्सक्रिप्शन, क्लाउड सर्विस और डेटा बिजनेस का हिस्सा बनेगी।
नॉलेज बॉक्स
AI Slop क्या है?
टेक इंडस्ट्री में AI Slop उस कंटेंट को कहा जाता है जो AI से बिना गुणवत्ता जांच और मानवीय रचनात्मकता के बड़े पैमाने पर तैयार किया जाए।
आशा का संदेश साफ है—गेम्स में इमोशन और ह्यूमन टच जरूरी है।
Xbox क्या है?
माइक्रोसॉफ्ट का गेमिंग ब्रांड
कंसोल, गेम्स और गेम पास सब्सक्रिप्शन शामिल
दुनिया भर में करोड़ों यूजर्स
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन