IPL 2025 में फाइनल के लिए टक्कर : अहमदाबाद में भिड़ेंगी मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स; विजेता टीम का RCB से फाइनल में मुकाबला
News Affair Team
Sun, Jun 1, 2025
अहमदाबाद.
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का क्वालिफायर-2 मुकाबला आज मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। जो टीम आज जीतेगी, वह 3 जून को होने वाले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी, जिसने पहले ही क्वालिफायर-1 में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर में गुजरात टाइटंस को हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बनाई, जबकि पंजाब किंग्स को क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा था। IPL के इतिहास में यह पहली बार होगा जब दोनों टीमें प्लेऑफ में आमने-सामने होंगी।

अब तक का रिकॉर्ड: एक जीत से आगे मुंबई
दोनों टीमों के बीच IPL में अब तक 33 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 17 और पंजाब ने 16 में जीत हासिल की है। यह मुकाबला तय करेगा कि कौन आगे बढ़ेगा और किसका सफर यहीं खत्म होगा।
मुंबई का मजबूत फॉर्म
मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में हैं। वे अब तक 15 मैचों में 673 रन बना चुके हैं और 25 से ज्यादा का स्कोर 15 बार बनाया है, जो किसी भी टी20 लीग सीजन में रिकॉर्ड है। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा ने पिछले मैच में 81 रन की पारी खेली थी और IPL में अपने 300 छक्के भी पूरे किए।
गेंदबाज़ी में ट्रेंट बोल्ट शुरुआती ओवर्स में खतरनाक साबित हो रहे हैं, उन्होंने अब तक 21 विकेट लिए हैं। उनके साथ बुमराह और सैंटनर की तिकड़ी विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में सक्षम है।

पंजाब की उम्मीदें श्रेयस और प्रभसिमरन से
पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर से टीम को एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी, खासकर क्वालिफायर-1 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद। ओपनर प्रभसिमरन सिंह 517 रन के साथ टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनके साथ प्रियांश आर्या पर भी निगाहें रहेंगी।
गेंदबाज़ी की बात करें तो अर्शदीप सिंह 15 मैचों में 18 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर हैं। अजमतुल्लाह उमरजई से भी शुरुआती ओवर्स में विकेट की उम्मीद है, वहीं युजवेंद्र चहल चोट के बाद वापसी कर सकते हैं।
पिच और मौसम की स्थिति
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन स्पिनर्स को बीच के ओवर्स में मदद मिलती है। इस मैदान पर अब तक IPL के 42 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें पहले और दूसरे बल्लेबाजी करने वाली दोनों टीमों ने 21-21 मैच जीते हैं।
पिच पर इस सीजन का उच्चतम स्कोर 243/5 है, जो पंजाब किंग्स ने गुजरात के खिलाफ बनाया था। आज 200+ स्कोर को एक फाइटिंग टोटल माना जाएगा।
मौसम की बात करें तो अहमदाबाद में तापमान 28 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। धूप तेज रहेगी और बारिश की संभावना केवल 2% है।

संभावित प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, जोश इंगलिस, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, प्रवीण दुबे, काइल जैमीसन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह
इम्पैक्ट प्लेयर: मुशीर खान
मुंबई इंडियंस:
हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, जॉनी बेयरस्टो, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, राज बावा, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, रिचर्ड ग्लीसन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन