Advertisment

News Affair में आपका हार्दिक स्वागत है — आपकी अपनी हिंदी न्यूज़ पोर्टल, जहाँ हर खबर मिलती है सही, सटीक और सबसे पहले।

हमारे साथ जुड़िए देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार और तकनीक की हर बड़ी अपडेट के लिए। हम हैं आपकी आवाज़, आपके सवाल और आपकी जिज्ञासा के साथ — निष्पक्ष, निर्भीक और नई सोच के साथ।

7th October 2026

ब्रेकिंग

8-9 अक्टूबर को जगदलपुर में जुटेंगे 15 राज्यों के सचिव; एम-पैक्स, डिजिटल सेवा और भंडारण पर मंथन

घरेलू टिकट पर ₹1,300 तक फ्यूल चार्ज, इंटरनेशनल में ₹10 हजार तक; जानें नए रेट

निजामुद्दीन एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ी; सरगुजा से सांसद ने दिखाई हरी झंडी

लाइब्रेरी से घर लौटते समय दोस्त से कराया हमला; दोनों आरोपी गिरफ्तार

मुझे क्या पता था मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ेगी; अब ₹1,500 दे रहे

लाड़ली बहना पर CM मोहन यादव बोले : मुझे क्या पता था मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ेगी; अब ₹1,500 दे रहे

News Affair Team

Mon, Oct 5, 2026

भोपाल.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना को लेकर रविवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित बुंदेली समागम में मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें क्या पता था कि मुख्यमंत्री बनते ही इतनी “भारी मार” पड़ेगी। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना की शुरुआत ₹1,000 से हुई थी और अब सरकार ₹1,500 प्रति माह दे रही है।

मुख्यमंत्री से छतरपुर की बुंदेली कंटेंट क्रिएटर बिन्नू रानी ने पूछा था कि सरकार ने उनकी ‘जिज्जियों’ यानी बहनों के लिए काफी कुछ किया है, लेकिन उनकी ‘बिन्नुओं’ यानी बेटियों के लिए क्या करना चाहती है। इसी सवाल के जवाब में मोहन यादव ने यह टिप्पणी की।

‘बिन्नू, ये बड़ी अंदर की बात है...’

मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे क्या मालूम था कि मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ती है।” इसके बाद उन्होंने कहा कि बहनों के लिए सरकार की ओर से कोई परेशानी नहीं है।

उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत ₹1,000 से हुई थी और अब पात्र महिलाओं को ₹1,500 की मासिक सहायता दी जा रही है। बिन्नू रानी की उम्र का हवाला देते हुए उन्होंने मजाक में कहा कि अभी वह लाड़ली बहना योजना के लिए छोटी हैं, बड़ी होने पर उन्हें भी इसका लाभ मिल जाएगा।

मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं और माहौल हल्का-फुल्का हो गया।

24 घंटे में बुंदेलखंड की समस्या हल करने पर भी सवाल

कार्यक्रम में एक युवा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि अगर बुंदेलखंड के युवाओं की कोई एक समस्या 24 घंटे में हल करनी हो तो वे क्या करेंगे। इस पर मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की समस्या 24 घंटे में हल करना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग अपनी क्षमता, योग्यता और बुद्धिमत्ता से कई समस्याओं का समाधान खुद कर सकते हैं। सरकार का काम उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बुंदेलखंड में पलायन रोकने के लिए सिंचाई का रकबा बढ़ाने की जरूरत बताई और केन-बेतवा परियोजना का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी की उपलब्धता बढ़ने से क्षेत्र के अलग-अलग सेक्टर में बदलाव आएगा।

बुंदेली क्रिएटर्स से सीएम का सीधा संवाद

रवींद्र भवन में हुए बुंदेली समागम में बुंदेलखंड से जुड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद किया। कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी भी मौजूद रहे।

क्रिएटर्स ने संस्कृति, युवाओं, महिलाओं और बुंदेलखंड के विकास से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री के सामने रखे। इसी दौरान बिन्नू रानी का सवाल और मुख्यमंत्री का लाड़ली बहना योजना पर जवाब चर्चा में आ गया।

2023 में ₹1,000 से शुरू हुई थी योजना

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 28 जनवरी 2023 को की थी। इसका औपचारिक शुभारंभ 5 मार्च 2023 को हुआ था। योजना के तहत शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,000 देने का प्रावधान किया गया था।

जून 2023 में योजना की पहली किस्त जारी हुई। शुरुआती चरण में 1 करोड़ 25 लाख 6 हजार 186 महिलाएं पात्र थीं। पहली किस्त में 1 करोड़ 18 लाख 22 हजार 623 महिलाओं को भुगतान किया गया था।

इनमें 1 करोड़ 11 लाख 70 हजार 835 महिलाओं को ₹1,000 की पूरी राशि और सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाली 6 लाख 51 हजार 788 महिलाओं को अंतर की राशि दी गई थी। पहली किस्त में कुल ₹1,143.15 करोड़ जारी किए गए थे।

अब 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को ₹1,500

सितंबर 2026 में योजना की 40वीं किस्त जारी की गई। इसके तहत 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के खातों में ₹1,500 की मासिक सहायता भेजी गई। सरकार ने इस किस्त के लिए ₹1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 की राशि अंतरित की। यानी करीब साढ़े तीन साल में योजना की मासिक सहायता ₹1,000 से बढ़कर ₹1,500 हो चुकी है और लाभार्थियों की संख्या भी 1.25 करोड़ से अधिक बनी हुई है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन