नोरा फतेही पर ₹3 करोड़ की मानहानि का केस : एविएशन कंपनी का दावा- चार्टर्ड प्लेन को 'टॉय' कहने से बुकिंग 15-20% घटी
News Affair Team
Tue, Sep 8, 2026
मनोरंजन डेस्क.
बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही के खिलाफ ₹3 करोड़ की मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। गुजरात की एविएशन कंपनी ड्यून्स एविएशन ने गांधीनगर कोर्ट में यह केस दाखिल किया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा के सोशल मीडिया पर किए गए कुछ कमेंट्स से उसकी व्यावसायिक साख को नुकसान पहुंचा और बुकिंग पर भी असर पड़ा।
कंपनी के मुताबिक, नोरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर चार्टर्ड प्लेन के अंदर का वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने विमान को ‘छोटा’, ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ बताया था। मामले की सुनवाई सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में 25 सितंबर को होगी।

मुंबई-जयपुर फ्लाइट के दौरान बनाया था वीडियो
मुकदमे के अनुसार, नोरा ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान Cessna Citation CJ2 विमान के अंदर वीडियो रिकॉर्ड किए थे। कंपनी का कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने के बाद नोरा की टिप्पणियों से उसके विमान को लेकर गलत धारणा बनी। ड्यून्स एविएशन ने इन टिप्पणियों को गैर-जिम्मेदाराना और लापरवाही भरा बताया है।
कंपनी का दावा- बुकिंग 15-20% तक गिरी
ड्यून्स एविएशन ने कोर्ट में दावा किया है कि नोरा के कमेंट्स के बाद उसकी चार्टर्ड फ्लाइट बुकिंग में 15 से 20% तक गिरावट आई और कैंसिलेशन भी बढ़े।
कंपनी के मुताबिक, नोरा जिस विमान से यात्रा कर रही थीं, वह सामान्य मानकों के अनुरूप था। कंपनी का दावा है कि विमान DGCA से प्रमाणित और उड़ान के लिए योग्य था तथा वैध Non-Scheduled Operator Permit (NSOP) के तहत संचालित किया जा रहा था।
कंपनी ने मांगा ₹3 करोड़ का हर्जाना
ड्यून्स एविएशन ने मुकदमे में नोरा फतेही से ₹3 करोड़ के हर्जाने की मांग की है। इसके अलावा कंपनी ने कोर्ट से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विमान से जुड़े नोरा के बयानों और कंटेंट को हटाने का निर्देश देने की मांग की है। कंपनी चाहती है कि नोरा इस मामले में सार्वजनिक स्पष्टीकरण भी जारी करें। फिलहाल नोरा फतेही की ओर से इस मुकदमे और कंपनी के आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

नोरा पहले भी विवादों में रही हैं
नोरा फतेही इससे पहले भी अलग-अलग मामलों को लेकर चर्चा में रही हैं। 2026- ‘सरके चुनर’ विवाद: गाने के बोलों को लेकर विवाद हुआ था। नोरा ने कहा था कि हिंदी वर्जन में इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक बोलों की उन्हें जानकारी नहीं थी। इस मामले में महिला आयोग ने उन्हें समन किया था।
2022- सुकेश चंद्रशेखर केस: ₹200 करोड़ के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने नोरा से पूछताछ की थी। उन्हें इस मामले में आरोपी नहीं बनाया गया था।
2022- जैकलीन फर्नांडिस से मानहानि विवाद: सुकेश चंद्रशेखर मामले में अपना नाम घसीटे जाने का आरोप लगाते हुए नोरा ने जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था।
2022- FIFA वर्ल्ड कप विवाद: कतर में एक कार्यक्रम के दौरान तिरंगा उल्टा पकड़े जाने को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई थी।
2020- टेरेंस लुईस वीडियो विवाद: डांस रिहर्सल के एक वीडियो को लेकर विवाद हुआ था। बाद में वीडियो से छेड़छाड़ की बात सामने आई थी।
‘दिलबर’ से मिली बड़ी पहचान
नोरा फतेही का जन्म 6 फरवरी 1992 को कनाडा के मॉन्ट्रियल, क्यूबेक में हुआ। उनका परिवार मूल रूप से मोरक्को से जुड़ा है।
उन्होंने 2014 में ‘Roar: Tigers of the Sundarbans’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ तेलुगु, तमिल और मलयालम फिल्मों में भी काम किया।
2015 में वह रियलिटी शो ‘बिग बॉस 9’ में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आईं, जिससे उन्हें देशभर में पहचान मिली।
फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ के गाने ‘दिलबर’ ने उन्हें बॉलीवुड की प्रमुख डांस परफॉर्मर्स में शामिल कर दिया। इसके बाद ‘ओ साकी साकी’ और ‘कमरिया’ जैसे गानों से उनकी लोकप्रियता और बढ़ी।
उन्होंने ‘स्ट्रीट डांसर 3D’, ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’ जैसी फिल्मों में अभिनय भी किया। इसके अलावा वह डांस रियलिटी शो में जज और मेंटर के तौर पर भी नजर आ चुकी हैं।
नोरा ने हिंदी, अरबी और अंग्रेजी म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है। ‘नाच मेरी रानी’, ‘डांस मेरी रानी’ और ‘पपेटा’ जैसे गानों से उनकी म्यूजिक आर्टिस्ट के तौर पर भी पहचान बनी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन