रेलवे अधिकारी ने नर्स से किया दुष्कर्म : पार्टी के बहाने स्टेशन सुपरिटेंडेंट ने बुलाया था घर; आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म
News Affair Team
Thu, May 29, 2025
बिलासपुर.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन में तैनात डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट द्वारा एक निजी अस्पताल की नर्स से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने पार्टी के बहाने नर्स को अपने घर बुलाया और फिर अकेली पाकर उसके साथ बलात्कार किया। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने करीब 10 दिनों बाद परिजनों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम फिरतू राम पटेल (50 वर्ष) है, जो कि रेलवे में डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट के पद पर कार्यरत है। आरोपी सरकंडा थाना क्षेत्र के गणेश वैली में अकेला रहता है। उसकी पत्नी से विवाद चल रहा है और उसने तलाक के लिए आवेदन भी दिया है।

क्या है मामला?
26 वर्षीय नर्स, जो कि एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करती है, ने पुलिस को बताया कि रेलवे और निजी अस्पताल की साझेदारी में स्टेशन पर मेडिकल यूनिट चलती है, जिसमें वह पोस्टेड थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी फिरतू राम से हुई, जो यूनिट की मॉनिटरिंग करता था। शुरुआत में औपचारिक बातचीत के बाद फिरतू राम ने नर्स से नजदीकियां बढ़ाई।
17 मई को आरोपी ने पार्टी के बहाने नर्स को अपने घर बुलाया, और जब वह वहां पहुंची तो घर में अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती सदमे में थी और किसी को कुछ नहीं बता सकी। 10 दिन तक चुप रहने के बाद उसने परिजनों को जानकारी दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि शिकायत मिलते ही फिरतू राम पटेल के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज किया गया। आरोपी घर पर नहीं मिला तो पुलिस ने रेलवे स्टेशन स्थित ऑफिस में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मामले की जांच जारी
फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और बयान न्यायालय में दर्ज कराने की प्रक्रिया में है। साथ ही घटना स्थल और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच भी की जा रही है।
(नोट: पीड़िता की पहचान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए नाम और अन्य पहचान छिपाई गई है।)
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन