रायपुर में आज गणेश विसर्जन झांकी : 51 हजार का पहला पुरस्कार; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, शाम 6 बजे से इन रास्तों पर जाने से बचें
News Affair Team
Mon, Sep 28, 2026
रायपुर.
गणेश उत्सव के समापन पर रायपुर में सोमवार रात विसर्जन झांकियां निकाली जाएंगी। झांकियां शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार, पुरानी बस्ती और रायपुरा होते हुए महादेवघाट विसर्जन स्थल तक पहुंचेंगी। ट्रैफिक पुलिस ने झांकी को लेकर रूट डायवर्जन और प्रतिबंध की एडवाइजरी जारी की है।
शारदा चौक से महादेवघाट तक झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान सिर्फ झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। शास्त्री चौक, आश्रम तिराहा, सुभाष नगर, फायर ब्रिगेड चौक, बुढ़ापारा, लाखेनगर, बुद्धेश्वर और कंकालीपारा समेत कई प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

झांकी अनावश्यक रोकने पर रोक
ट्रैफिक पुलिस ने समितियों को झांकी को रास्ते में अनावश्यक रूप से नहीं रोकने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक समिति को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के लिए कहा गया है।
नशा और हथियारों पर प्रतिबंध
विसर्जन झांकी में नशे का सेवन करने और हथियार या धारदार वस्तु रखने पर रोक रहेगी। डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल भी निर्धारित नियमों के अनुसार करना होगा।

झांकियों के बीच होगी पुरस्कार प्रतियोगिता
अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ ने इस बार विसर्जन झांकियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता रखी है। ज्यूरी कमेटी झांकियों की प्रस्तुति, धार्मिक-सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन समेत विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन करेगी।
पहले तीन स्थानों को मिलेंगे 51, 31 और 21 हजार
प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आने वाली समिति को 51 हजार रुपए, दूसरे को 31 हजार रुपए और तीसरे स्थान वाली समिति को 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा विसर्जन में शामिल सभी समितियों और झांकियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने का उद्देश्य
समाजसेवी बसंत अग्रवाल के मुताबिक, प्रतियोगिता का उद्देश्य झांकी समितियों का उत्साह बढ़ाने के साथ गणेश उत्सव की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। विसर्जन में शामिल सभी समितियों को सम्मानित किया जाएगा।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन