संदेह में हत्या/ बस्तर में विधवा महिला को कुल्हाड़ी से मार डाला, बेटी गायब हुई तो पड़ोसी को उसके बेटे पर हुआ शक

- परपा क्षेत्र के केशलूर गांव में देर रात की घटना, आरोपी भाग निकला
- आरोपी की बेटी करीब 5 दिन से है लापता, महिला के बेटे का भी पता नहीं
जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर में मंगलवार देर शाम संदेह के चलते एक विधवा महिला की उसके ही पड़ोसी ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। युवक को शक था कि महिला का बेटा उसकी बेटी को भगाकर ले गया है। युवक की बेटी पिछले 5 दिनों से गायब है। वहीं युवक का भी कुछ पता नहीं है। आरोपी भाग गया है। मामला परपा थाना क्षेत्र का है।
पत्नी के चरित्र पर संदेह था, बीच चौराहे पर दौड़ाकर धारदार हथियार से युवक ने मार डाला
जानकारी के मुताबिक, खासपारा, केशलूर गांव निवासी सोन सिंह यादव (40) की बेटी पिछले 5-6 दिनों से गायब हैं। सोन सिंह को शक था कि गांव में ही रहने वाली सोनी बाई बघेल (50) पति स्व. प्रेमनाथ बघेल का बेटा उसे भगाकर ले गया है। बताया जा रहा है कि जिस दिन से सोन सिंह की बेटी गायब है, उसी दिन से सोनी बाई के बेटे का भी पता नहीं है।
विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किया वार
गुस्से में सोन सिंह मंगलवार रात सोनी बाई के घर पहुंच गया। उस दौरान सोनी बाई अपनी बेटी के साथ सो रही थी। बताया जा रहा है कि शोर सुनकर उसकी नींद खुली और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इस बीच गुस्से में आकर सोन सिंह ने कुल्हाड़ी से सोनी बाई के गले पर वार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सोन सिंह भाग निकला।