उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज/ बर्फ की सफेद चादर ढकी पहाड़ियां, मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड

- उत्तराखंड के पहाड़ियों पर लगातार बर्फबारी जारी, मौसम विभाग की शीत दिवस की चेतावनी
- आज प्रदेश में हो सकती है हल्की बारिश, मैदानी इलाकों में कोहरा और धुंध से होगा सामना
देहरादून. उत्तराखंड की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं हैं। जिससे चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गयी है। लोग सर्दी से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी खूब बर्फबारी हो रही है। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ सहित राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में वादियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं।
पर्वतीय इलाकों में हिमपात को देखते हुए मौसम विभाग ने शीत दिवस की भी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अनेक इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली व पिथौरागढ़ में हिमपात होने की संभावना है।वहीं हरिद्वार व ऊधमसिंहनगर व अन्य मैदानी इलाकों में घना कोहरा रह सकता है।
कड़ाके की ठंड में मसूरी पहुंच रहे सैलानी
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाको में लगातार बारिश से मसूरी में ठंड बढ़ गई है। इसके अलावा धनोल्टी और बुरांसखंडा क्षेत्र में शीतलहर बढ़ गई है। इसके बावजूद सैलानी वादियों का लुत्फ उठाने और मस्ती करते नजर आ रहे हैं।