कोरोनावायरस/ दिल्ली आए तो 7 दिन रहना होगा होम क्वारैंटाइन, प्लेन, बस और ट्रेन से आने वाले सभी यात्रियों पर नियम लागू

- दिल्ली सरकार ने जारी किया आदेश, लक्षण नहीं होने पर भी सख्ती से करना होगा पालन
- दिल्ली में 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 1513 नए मामले, अब तक 606 की मौत
नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार सख्त हो गई है। बाहर से आने वाले घरेलू यात्रियों के लिए नियमों में बदलाव किया गया है। इसके बाद दिल्ली आने पर यात्री को 7 दिन होम क्वारैंटाइन रहना होगा। यह आदेश फ्लाइट, बस और ट्रेन से आने वाले सभी यात्रियों पर लागू होगा। खास बात यह है कि लक्षण नहीं दिखने पर भी इस आदेश का सख्ती से पालन करना किया जाएगा।
ये यात्री हर हाल में सात दिनों तक क्वारैंटाइन में रहें, इसके लिए सरकार ने जिलों के डीएम को यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। इससे पहले सरकार ने ऐसे यात्रियों को सिर्फ सलाह दी थी कि वे राजधानी में प्रवेश करने के बाद 14 दिनों तक खुद को मॉनिटर करें। अगर इस दौरान उनमें कोई लक्षण दिखाई देते हैं तो वे डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर या नेशनल कॉल सेंटर पर फोन कर के सूचित करें।
दिल्ली में संक्रमण के आंकड़े 23645, एक्टिव केस हुए 13497
दिल्ली में हर दिन कोरोना संक्रमित बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 1513 नए मामले सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही आंकड़ा 23645 पहुंच गया है। वहीं एक्टिव के बढ़कर 13497 हो गए हैं। एक दिन में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक दिल्ली में कोरोना संक्रमण के चलते 606 लोग दम तोड़ चुके हैं। पिछले एक सप्ताह से हर दिन एक हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं।
देश में 2.14 लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमित
देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 2 लाख 14 हजार 664 हो गई। लगातार आठवें दिन 7 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले। वहीं, बुधवार को छठवां दिन था, जब देश में 200 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई। महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 123 लोगों ने दम तोड़ा।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 7 हजार 615 है। इसमें 1 लाख 1हजार 497 एक्टिव मरीज हैं, जबकि 1 लाख 302 अब तक ठीक हुए हैं। वहीं, 5815 मरीजों की मौत हुई है। यह Covid19india.org से मिली जानकारी के आधार पर है।
देश में 2 लाख के करीब कोरोना पॉजिटिव मरीज, छत्त्तीसगढ़ में एक्टिव मरीजों की संख्या 421 पहुंची